एलन कोचिंग संस्थान व फिजिक्सवाला के दो स्टूडेन्ट की एक ही दिन में मौत
एक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा, दूसरे ने लगाई फांसी
कोटा। कोचिंग नगरी में कोचिंग स्टूडेंट की मौत के मामले फिर बढ़ने लगे हैं। एक साथ दो कोचिंग स्टूडेंट की मौत से शहर फिर हतप्रभ रह गया है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार एक स्टूडेंट एलन कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी कर रहा था जब कि दूसरा कोचिंग छात्र फिजिक्सवाला कोचिंग से जेईई की तैयारी कर रहा था।
एलन कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी कर रहे बिहार निवासी 19 वर्षीय छात्र गौतम कुमार पुत्र रासपति राय यादव की एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान 25 अक्टूबर को मौत हो गई। कोचिंग छात्र कुन्हाड़ी स्थित श्रीजी हॉस्टल के बाथरूम में अचेत मिला था। पुलिस उप अधीक्षक देवेश भारद्वाज ने बताया कि मृतक के बड़े भाई गंगेश कुमार (22) पुत्र रासपति राय यादव निवासी दरभंगा, बिहार ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार गौतम हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला। हॉस्टल वार्डन अमित शर्मा और विनीत ने उसे एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया था। वार्डन ने कमरे में उल्टी होने की बात भी बताई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर गौतम का बड़ा भाई गंगेश कुमार हिमाचल प्रदेश से कोटा पहुंचा। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गंगेश कुमार ने रिपोर्ट में भाई की मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की है।
सिर में चोट के निशान,, विसरा एफएसएल भेजा
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद विसरा के नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पीजी में फंदे से लटका मिला
इधर जवाहर नगर थाना क्षेत्र में भी फिजिक्सवाला से जेईई की तैयारी कर रहे 16 वर्षीय कोचिंग छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कोचिंग छात्र महावीर नगर थाना इलाके में रह रहा था। पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। एएसआई महेंद्र सिंह के अनुसार, छात्र रविवार को कोचिंग में टेस्ट देने के बाद पीजी लौटा था। कमरा अंदर से बंद था। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला तो साथी छात्रों ने पीजी संचालक को सूचना दी।पीजी संचालक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो छात्र फंदे से लटका मिला। छात्र के परिजन कोटा पहुंच गए। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस दोनों मामलों में मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
दस माह में 12 स्टूडेंट की मौत
कोटा में जनवरी से लेकर 26 अक्टूबर तक दस माह में ही 12 स्टूडेंट की मौत हो गई है। इनमें से सात स्टूडेंट अकेले एलन कोचिंग संस्थान के कोचिंग छात्र हैं। प्रतिमाह एक से ज्यादा स्टूडेंट की मौत हो रही है।
नहीं दिया जवाब
इस मामले को लेकर एलन कोचिंग संस्थान के निदेशक नवीन माहेश्वरी, गोविन्द माहेश्वरी व नितेश शर्मा को फोन व वाट्सअप मैसेज देकर उनका पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं दिया।
कोचिंग में छात्र रेगुलर था , पढ़ने में भी अच्छा टेस्ट में भी भाग लेंता था। शनिवार को भी कोचिंग आया था। हम खुद बहुत दुखी हैं।पुलिस ने जो भी हमसे मांगा गया है उपलब्ध करवा दिया गया है। अनुसंधान चल रहा है।
- दिनेश जैन, राजस्थान हैड फिजिक्सवाला कोचिंग संस्थान

Comment List