अनूठा बंधन : 70 साल लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद बुजुर्ग जोड़े ने रचाई शादी, बेटे-पोते भी जमकर नाचे
95 साल का दूल्हा और 90 साल की दुल्हन के 8 बच्चे
संभाग के डूंगरपुर जिले के गलंदर गांव में बुजुर्ग महिला-पुरुष की शादी को देखकर हर कोई अचंभित रह गया।
उदयपुर। संभाग के डूंगरपुर जिले के गलंदर गांव में बुजुर्ग महिला-पुरुष की शादी को देखकर हर कोई अचंभित रह गया। 70 साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद उन्होंने बुधवार को शादी कर ली। दूल्हा 95 साल का तो दुल्हन 90 साल की थी। शादी में डीजे पर गांव वालों के साथ इनके बेटे और पोते भी झूमते नजर आए। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए।
बेटे-बेटियों ने कराई शादी :
गलंदर गांव में 70 साल से साथ रह रहे रामा भाई पुत्र माना अंगारी और जीवली देवी ने शादी नहीं की थी। उनके 8 बच्चों की भी शादी हो गई। नाती-पोते भी हो गए। 70 साल बाद उन्होंने घरवालों के सामने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने की इच्छा जताई। बेटे-बेटियों ने माता-पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए धूमधाम से शादी करवाने का फैसला किया। गांव में डीजे पर बिंदौरी निकाली। इसके बाद दोनों ने रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए। इस शादी से बुजुर्ग दूल्हा-दुल्हन के साथ ही उनके परिवार वाले बेहद खुश नजर आए।
चार बच्चे सरकारी नौकरी में :
दोनों के चार लड़के और चार लड़कियां हैं। बड़ा लड़का बकू अंगारी खेती बाड़ी करता है। दूसरे नंबर का शिवराम अंगारी और कांतिलाल शिक्षक हैं। चौथे नंबर का लक्ष्मण किसान है। पुत्री सुनीता टीचर और अनिता नर्स है।

Comment List