फिलीपींस: राजनाथ करेंगे आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर होगी चर्चा
रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फिलीपींस के सेबू में बुधवार से शुरू होने वाली आसियान रक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक (एडीडीडीएम-प्लस) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वह बैठक में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर विचार साझा करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि राजनाथ सिंह बैठक से इतर सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इनमें मौजूदा रक्षा संबंधों की समीक्षा तथा रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी।
आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक संगठन का सर्वोच्च रक्षा परामर्श और सहयोग तंत्र है। बैठक में आसियान के 11 सदस्य देश और उसके आठ संवाद साझेदार शामिल हैं। इसका उद्देश्य रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करना है। भारत 1992 में आसियान का संवाद साझेदार बना था। एडीडीएम -प्लस की पहली बैठक 12 अक्टूबर, 2010 को वियतनाम की राजधानी हनोई में हुई थी। वर्ष 2017 से इस मंच के रक्षा मंत्रियों की बैठक हर साल हो रही है।
वर्ष 2026 में फिलीपींस इस बैठक की अध्यक्षता कर रहा है। भारत 2024 से 2027 के कार्यकाल के लिए मलेशिया के साथ आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह की सह-अध्यक्षता कर रहा है। इस मंच पर भारत की सक्रिय भागीदारी दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा साझा विकास को बढ़ावा देने की उसकी एक्ट ईस्ट नीति के अनुरूप है।

Comment List