असम में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव, बघेल-गोगोई ने लगाए आरोप, स्वतंत्र जांच की मांग
जिला व पुलिस अधिकारियों के तबादले
नई दिल्ली। कांग्रेस ने असम में चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के असम प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्टी के लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई के काफिले पर हुए हमले को शर्मनाक और सुनियोजित बताते हुए इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस सांसद तथा पार्टी के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी नसीर हुसैन ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम के नौगांव संसदीय क्षेत्र के समागुड़ी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव के साथ नकाबपोश हमलावरों ने हॉकी स्टिक, क्रिकेट बैट और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया तथा कुछ वाहनों पर एसिड भी फेंका। उन्होंने कहा कि पथराव में कांग्रेस सचिव मनोज चौहान की पसलियों में गंभीर चोटें आईं हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि काफिले में धुबरी के सांसद रकीबुल हुसैन, असम विधानसभा में विपक्ष के नेता वाजिद अली चौधरी, कांग्रेस सचिव मनोज चौहान, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर, उम्मीदवार सिबामोनी बोरा और कई विधायक शामिल थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हमले से पहले पुलिस को इसकी आशंका से अवगत कराया था, क्योंकि एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में ऐसी घटना हुई थी। हुसैन ने कहा कि हमले में दो पत्रकारों भास्कर दास और गुलजार हुसैन के साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं का उद्देश्य विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में भय पैदा करना तथा मतदान प्रतिशत को प्रभावित करना है। उन्होंने कहा कि डराकर मतदाताओं को मतदान से दूर रखना भी 'वोट चोरी' का एक रूप है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से नौगांव के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से घटना की रिपोर्ट मंगाने, जिम्मेदार अधिकारियों का तबादला और निलंबन करने तथा हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस हमले और पहले हुई ऐसी घटनाओं की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए तथा जांच रिपोर्ट और प्राथमिकी सार्वजनिक की जानी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि मतदान होने तक उम्मीदवारों, पार्टी कार्यकर्ताओं, विपक्षी नेताओं और पत्रकारों को सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से असम में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि आयोग को घटना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए।

Comment List