सरकारी नौकरी की दौड़ से बाहर निकलें युवा, रोजगार देने वाले बनें : भजनलाल
पिछली सरकार पर पेपर लीक को लेकर हमला
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से सरकारी नौकरी तक सीमित रहने के बजाय अपने हुनर और प्रतिभा के बल पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में युवाओं को कौशल विकास के साथ नई भाषाएं सीखकर अपनी क्षमताओं को बढ़ाना होगा। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को सिरसी रोड स्थित अलंकार महिला पीजी कॉलेज में आयोजित 51वीं सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पिछली सरकार पर पेपर लीक को लेकर हमला
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में 415 परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं और इनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। युवाओं को केवल सरकारी नौकरी का इंतजार करने के बजाय अपने कौशल के आधार पर रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
पांच विदेशी भाषाओं के सेंटर शुरू
भजनलाल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपनी क्षमताओं में लगातार इजाफा करना होगा। उन्होंने जयपुर में पांच विदेशी भाषाएं सीखने के सेंटर शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के लिए नई भाषाओं का ज्ञान रोजगार के नए अवसर खोल सकता है।
योग को दुनिया तक पहुंचाने में भारत की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और अनमोल विरासत है। अब योग केवल अभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चे और युवा इसे प्रतियोगिता के रूप में भी अपना रहे हैं। जयपुर में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम आज करोड़ों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का काम करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचा है और 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्म की कुशलता ही वास्तविक योग है। जीवन में योग को अपनाने से शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव कम होता है और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल बच्चों के अनुशासन, एकाग्रता और योग के प्रति उत्साह की सराहना की। समारोह में सांसद राव राजेंद्र सिंह, भाजपा नेता लालचंद कटारिया, राजेंद्र यादव, पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल और भाजपा जयपुर देहात जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता मौजूद रहे।

Comment List