ऑपरेशन आग के तहत पुलिस का बड़ा एक्शन : हथियार के साथ आरोपी को दबोचा, पिस्टल और 7 कारतूस बरामद
एसआई साबिर खान और इस्लाम खान की रही विशेष भूमिका
जयपुर। राजधानी में 'ऑपरेशन आग' के तहत डीएसटी नॉर्थ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और 7 कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलरशीद कुरैशी उर्फ दामा के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हथियारों की खरीद-फरोख्त और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहा है या नहीं।
यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के निर्देश पर की गई। एडीसीपी बजरंग सिंह शेखावत के सुपरविजन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वहीं, डीएसटी इंचार्ज दिलीप सोनी और कोतवाली थाना प्रभारी (SHO) भूरी सिंह के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में एसआई साबिर खान और इस्लाम खान की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियार रखने वाले और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comment List