पंचायती राज चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा, मदन राठौड़ बोले- ग्रामीण विकास के लिए भाजपा जोड़ेगी पंचायती राज का तीसरा इंजन
राजस्थान के सभी सात संभागों के लिए चुनाव संचालन समितियों की घोषणा
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेसी कुशासन से मुक्ति के बाद भजनलाल सरकार ने पिछले 31 महीनों में ग्रामीण विकास को नयी गति प्रदान की है तथा जिस प्रकार शहरी निकाय चुनाव में भाजपा को जनता के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत मिला और अब पंचायती राज चुनावों में भी ऐतिहासिक सफलता मिलेगी।
राठौड़ ने शनिवार को पंचायत चुनावों की घोषणा के बाद अपने बयान में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा जो की कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक इसके लिए सक्रिय कार्यकर्ता है, उन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की योजनाओं के हुए सफल क्रियान्वयन से हम जनता का विश्वास अर्जित करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिस प्रकार निकाय चुनाव में बूथ तक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय होकर सहभागिता निभाई और उनके फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया था, उसी प्रकार पंचायती राज में चुनावी रणनीति के अनुसार काम करने की योजना बनी है। इसमें प्रदेश के नेताओं से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता राजस्थान में पंचायती राज के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए डबल इंजन के साथ पंचायती राज का तीसरा इंजन जोड़ने के लिए कृत संकल्पित है ताकि गांवों में बैठे किसानों, युवा, महिला और गरीब का कल्याण एवं उत्थान हो सकें।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने पिछले चुनाव से 20 प्रतिशत से अधिक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी इस चुनाव में बढ़ाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कुलजीत चहल, कविता पाटीदार, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया है। उन्होंने बताया किसंभाग स्तरीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि जयपुर संभाग में ओंकार सिंह लखावत, डॉ. अल्का गुर्जर और शंकर सिंह राजपुरोहित को शामिल किया गया है। जोधपुर संभाग की जिम्मेदारी सी.आर. चौधरी, प्रमोद सामर और चम्पा लाल गेदर को सौंपी गयी है। उदयपुर संभाग में राजेन्द्र राठौड़, नारायण पंचारिया और हेमंत विजय के नामों की घोषणा की गयी है। कोटा संभाग के अंतर्गत मुकेश दाधीच, मेघराज लोहिया और डॉ. महेन्द्र कुमावत कार्य करेंगे। बीकानेर संभाग के लिए प्रसन्न चंद मेहता, कैलाश चौधरी और राजेन्द्र कुमार गहलोत को नियुक्त किया गया है। भरतपुर संभाग में अशोक परनामी, हेमराज मीणा और छगन माहुर चुनाव संचालन का कार्य देखेंगे। अजमेर संभाग की कमान अरूण चतुर्वेदी, देवजी भाई पटेल और लालचंद कटारिया को सौंपी गयी है।

Comment List