फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्र से शिक्षक भर्ती में चयन का खेल, पीटीआई समेत चार ने किया समर्पण
प्रत्येक अभ्यर्थी से 60 हजार लेकर बनवाया चैंपियनशिप प्रमाण पत्र
जयपुर। तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती-2022 में खेल कोटे से चयन के लिए फर्जी ताइक्वांडो प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में शारीरिक शिक्षक रामचंद्र बेनीवाल सहित चार आरोपियों ने न्यायालय में समर्पण किया है। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल के अनुसार, रामचंद्र बेनीवाल(41), देवी(33), धोलाराम (26) और विकास कुमार (26) ने बुधवार को जयपुर महानगर-द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष समर्पण किया। न्यायालय ने रामचंद्र को 28 अक्टूबर तक पुलिस अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया।
फर्जी प्रमाण पत्रों से नौकरी पाने की कोशिश :
कर्मचारी चयन बोर्ड ने 2022 में तृतीय श्रेणी अध्यापक (लेवल-1) भर्ती में खेल कोटे के तहत दो प्रतिशत पदों पर चयन किया था। ताइक्वांडो प्रमाणपत्रों के आधार पर 38 अभ्यर्थियों के नाम दो गुना चयन सूची में आए थे। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी नौकरी पाने का प्रयास किया। प्रमाणपत्रों के सत्यापन संबंधी रिपोर्ट फर्जी ईमेल आईडी से प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर को भेजी गई थी। इस संबंध में एसओजी थाने में अलग अलग धाराओं में मामला दर्ज हुआ।
प्रत्येक अभ्यर्थी से लाखों लेने का आरोप :
जांच के अनुसार, रामचंद्र बेनीवाल ने करीब तीन साल पहले तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में चयन के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से 60 हजार रुपए लेकर ताइक्वांडो चैंपियनशिप का प्रमाणपत्र दिलवाया था। वहीं, अन्य तीन अभ्यर्थियों से राष्ट्रीय प्रमाणपत्र के लिए चार-चार लाख रुपए लेने का आरोप है। पूर्व में 20 अभ्यर्थियों, तीन सहयोगियों और एक दलाल सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसओजी के अनुसार पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रामचंद्र ने पांच- पांच लाख रुपए में बैक डेट में फर्जी प्रमाण पत्र दिए थे, जिसके आधार पर तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा में दो गुणा चयन सूची में नाम आने पर दस्तावेजों के साथ खेल प्रमाण पत्र जमा कराए थे।

Comment List