मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सवा लाख मोदकों की अद्भुत झांकी, महंत कैलाश शर्मा बोले– आस्था का अनुपम उत्सव
मंदिर में सजे सवा लाख मोदकों की भव्य झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया
गणेश चतुर्थी से पहले ही राजधानी जयपुर स्थित श्री मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में आस्था और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा है
जयपुर। गणेश चतुर्थी से पहले ही राजधानी जयपुर स्थित श्री मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में आस्था और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा है। बुधवार से प्रारंभ हुए नौ दिवसीय भगवान श्रीगणेश महाराज जन्मोत्सव का शुभारंभ भक्तिमय माहौल में हुआ। इस अवसर पर मंदिर में सजे सवा लाख मोदकों की भव्य झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
गणपति बप्पा को माणक-पन्ना जड़ित विशेष मुकुट से श्रृंगारित किया गया। जैसे ही सुबह से भगवान के दर्शन प्रारंभ हुए, पूरा मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई गणेशजी की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दिया।
इस अद्वितीय झांकी का मुख्य आकर्षण 251-251 किलो के दो विशाल मोदक रहे। इसके साथ ही 51 किलो के 5 मोदक, 21 किलो के 21 मोदक और 1.25 किलो के 1100 मोदक भगवान के चरणों में अर्पित किए गए। हजारों छोटे-छोटे मोदकों से भी प्रथम पूज्य का श्रृंगार कर विशेष भोग अर्पित किया गया।
मोदक निर्माण में कुल 14,600 किलो सामग्री का उपयोग किया गया। इसमें 2,500 किलो घी, 3,000 किलो बेसन, 9,000 किलो शक्कर और 100 किलो मेवा सम्मिलित रहे। इस भव्य भोग को प्रसाद स्वरूप निशुल्क श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि गणेशजी का प्रियतम भोग मोदक इस बार भक्तों की विशेष आस्था का माध्यम बना है। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान का आशीर्वाद मानकर ग्रहण किया और मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के उद्घोष से गूंज उठा।

Comment List