पंचायतीराज चुनाव : कहीं वोटिंग में जोश, कहीं सुस्ती! शुरुआती आंकड़े चौंकाने वाले
चुनाव में वोटिंग की रेस
जयपुर। प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के पहले चरण में हो रहे पंच सरपंचों के चुनाव में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था, अब तक प्राप्त जानकारियों के अनुसार करीब 17 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया है। पहले चरण में शनिवार को 16 जिलों की 104 पंचायत समितिओं में 3,314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 28 हजार 682 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है। जिन जिलों में पहले चरण में वार्ड पंच और सरपंचों के चुनाव हो रहे है, उनमें अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटो, नागौर, पाली, फलौदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर शामिल है। पहले चरण में लगभग 85 लाख मतदाता वार्ड पंच और सरपंच चुनने के लिए अपने मत का प्रयोग करेंगे। प्रत्येक मतदाता को दो बैलेट पेपर दिए जा रहे है। इनमें एक सरपंच और एक वार्ड पंच शामिल है।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में शनिवार सुबह 11 बजे तक 19.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शुरू होने के बाद धीरे-धीरे मतदाताओं की कतारें बढ़ रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि सभी पंचायत समितियों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, दूदू पंचायत समिति की 25 ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक 20.38 प्रतिशत मतदान हुआ। जोबनेर की 28 ग्राम पंचायतों में 20.03 प्रतिशत और झोटवाड़ा की 19 ग्राम पंचायतों में 19.77 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसी प्रकार सांभर पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों में 19.54 प्रतिशत, मौजमाबाद की 27 ग्राम पंचायतों में 18.95 प्रतिशत, गोविंदगढ़ की 27 ग्राम पंचायतों में 18.86 प्रतिशत तथा किशनगढ़-रेनवाल की 26 ग्राम पंचायतों में 18.84 प्रतिशत मतदान हुआ। चौमूं पंचायत समिति की 34 ग्राम पंचायतों में सबसे कम 18.73 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
दूदू में सबसे ज्यादा उत्साह
सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, दूदू पंचायत समिति मतदान प्रतिशत में सबसे आगे रही, जबकि चौमूं सबसे पीछे रहा। निर्वाचन प्रशासन मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होने की संभावना है।

Comment List