आमजन की जेब पर नया वार : दूध 2 रुपए लीटर महंगा, मंहगाई के आगे बेबस आम आदमी
छाछ, लस्सी एवं दही की कीमतों में इजाफा
पेट्रोल-डीजल के बाद अब दूध ने भी बढ़ाई महंगाई। जयपुर डेयरी (सरस) ने दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई दरें गुरुवार शाम से लागू। दही, छाछ, लस्सी और पनीर भी महंगे हुए। वहीं दुग्ध उत्पादकों को राहत देते हुए खरीद मूल्य ₹25 प्रति किलो फैट बढ़ाकर ₹875 किया गया।
जयपुर। पेट्रोल-डीजल की दरों में हो रही बढ़ोतरी के बाद अब आमजन को दूध के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी। इसके लिए जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने दूध में दो रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने के साथ ही छाछ, लस्सी व दही की कीमतें बढ़ा दी हैं। नई दरें गुरुवार शाम से लागू होंगी। वहीं सरस से दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए दूध संकलन दरों में 25 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर की वृद्धि की है। डेयरी प्रशासन ने दूध की दरों के साथ ही छाछ, लस्सी एवं दही की कीमतों में इजाफा किया है।
दुग्ध उत्पादकों को दी राहत
जयपुर डेयरी ने दूध खरीद मूल्य में 25 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की वृद्धि की है। अब दुग्ध उत्पादकों को 850 रुपए प्रति किलोग्राम फैट के स्थान पर 875 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 2 रुपए प्रति किलोग्राम फिक्स राशि तथा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के अंतर्गत 5 रुपए प्रति लीटर अनुदान का लाभ पूर्ववत मिलता रहेगा। इस निर्णय से जयपुर, कोटपूतली एवं दौसा जिले के लाखों दुग्ध उत्पादकों को प्रतिमाह लगभग 6 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान होगा।
यह होंगी दरें (प्रति लीटर)
पुरानी दर नई दर
- सरस डबल टोंड 46 रुपए 48 रुपए
- सरस टोंड (नीला) 54 रुपए 56 रुपए
- सरस स्टेंडर्ड (हरा) 58 रुपए 60 रुपए
- सरस गोल्ड 68 रुपए 70 रुपए
- पनीर (200 ग्राम) 74 रुपए 80 रुपए
- पनीर (1 किलो) 362 रुपए 385 रुपए
- दही (200 ग्राम) 16 रुपए 18 रुपए
- दही (400 ग्राम) 32 रुपए 36 रुपए
- छाछ (सादा आधा किलो) 16 रुपए 17 रुपए
- लस्सी 15 रुपए 17 रुपए
- नमकीन छाछ 13 रुपए 15 रुपए

Comment List