23 में से भाजपा ने छह, तो कांग्रेस ने चार बोर्ड रिपीट किए
विकास और जनसंपर्क को बताया जीत का आधार
कोटा। हाडौती के चार जिलों कोटा, बूंदी बारां, झालावाड़ में छह नगर पालिकाओं में भाजपा ने अपने बोर्ड रिपीट किए हैं। जबकि कांग्रेस ने चार पालिकाओं में अपने फिर से अध्यक्ष बना कर अपना कब्जा बरकरार रखा है। सोमवार को हुए नगर पालिका सभापति और पालिका अध्यक्षों के चुनाव में बूंदी नगर परिषद सभापति के पद सहित छह पालिकाओं में भाजपा अपने बोर्ड बचाने में कामयाब रही। अर्थात छह पालिकाओं में इससे पहले भी भाजपा के ही बोर्ड थे और इस बार फिर भाजपा ने अपना बोर्ड बना लिया। इसी तरह कांग्रेस चार पालिकाओं में अपना बोर्ड रिपीट कर पाई है। कोटा नगर निगम और सुकेत पालिका को छोड़ कर तीन परिषद व 2 पालिकाओं में से भाजपा ने 16 जगह अपने अध्यक्ष बनाए जब कि सात पालिकाओं में कांग्रेस ने अपने अध्यक्ष बनाए। इनमें से चार पालिकाएं ऐसी हैं जहां वह अपना बोर्ड रिपीट कर पाई। दोनों ही पार्टियों ने माना कि वह भगवान की कृपा से बोर्ड को रिपीट कर पाए।
भाजपा ने माना है कि पार्टी का जनाधार और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते वह अपने बोर्ड रिपीट कर पाए। भाजपा ने हाडौती में छह पालिकाओं में बोर्ड रिपीट किए भाजपा का बोर्ड रिपीट करने वाली निर्मला नागर कहती हैं कि टिकट बंटवारे को लेकर थोड़ी परेशानी आई थी लेकिन समर्पित कार्यकर्ताओं की बदोलत इटावा में भाजपा का बोर्ड रिपीट कर पाए। निर्मला नागर कहती हैं कि पार्टी का जनाधार इलाके में काफी मजबूत है। अब हम इटावा के विकास का काम करेंगे। नागर कहती हैं कि साफ सफाई और इटावा में प्रकाश व्यवस्था करना पहली प्राथमिकता रहेगा। इसके साथ सघन वृक्षारोपण कर हरियाला इटावा बनाने की कोशिश करेंगे। इटावा नाला जो अभी कच्चा बना है उसके लिए बजट लाकर पक्का करवाएंगे। ग्रीन पट्टी का निर्माण भी हमारी प्राथमिकता में रहेगा। महिला सशक्तीकरण पर ध्यान देंगे।
भाजपा ने यहां किए बोर्ड रिपीट
1-रामगंज मंड़ी(कोटा)
2- इटावा(कोटा)
3- झालरापाटन(झालावाड़)
4- पीड़ावा(झालावाड़)
नैनवां (बूंदी)
छबड़ा(बारां)
कांग्रेस ने माना है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के साथ अपने परिवार का साथ और काम करने की शैली लोगों को पसन्द आई। लोगों से सम्पर्क का लाभ मिला इसीलिए वह अपना बोर्ड कायम रख पाई। कापरेन से कांग्रेस से नवनियुक्त चैयरमेन सुनीता अग्रवाल कहती हैं कि उनके पति और परिवार का इलाके से लगाव महत्वपूर्ण कारण रहा। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी साथ दिया इसीलिए दो निर्दलीय के वोट भी मुझे मिले और कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ पाया। हम बोर्ड रिपीट कर पाए। मेरा मुख्य कार्य हेल्थ को लेकर रहेगा। अन्य कार्य तो बजट के साथ चलते रहते हैं लेकिन स्वच्छता और हेल्थ पर मैं फोकस करने की सोेच रही हूं। करेप्शन को हम बिलकुल एक्सेप्ट नहीं करेंगे। भ्रष्टाचार मुक्त कापरेन नगर पालिका बनाएंगे। ताकि कापरेन स्वच्छ रह सके।
कांग्रेस ने यहां किए बोर्ड रिपीट
1-कापरेन(बूंदी)
2-अंता (बारां )
3-सीसवाली (बारां)
4- भवानी मंडी(झालावाड़)

Comment List