FBI ने बराड़ को ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में डाला, 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया
अमेरिका और कनाडा में जबरन वसूली और हत्याओं में संलिप्तता
चंडीगढ़। अमेरिका की खुफिया जांच एजेंसी एफबीआई ने कथित गैंगस्टर सतिंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपने 10 वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल कर उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले शख्स के लिए 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया है। एफबीआई के 1950 में अस्तित्व में आने के बाद से बराड़ इस सूची में जगह पाने वाला 543वां व्यक्ति है। वह ठग-व्यापार का षड्यंत्र रचने, वसूली के जरिए व्यापार को बाधित करने और प्रतिबंधित ड्रग्स का व्यापार करने जैसे मामलों में वांछित है। एफबीआई के लॉस एंजिलस फील्ड कार्यालय के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि उसे गिरफ्तार करना एफबीआई तथा उसके सहयोगियों की जिम्मेदारी है। एफबीआई के 10 वांछित अपराधियों की सूची में उसका नाम शामिल होने से दुनियाभर में उसकी तस्वीर और जानकारी फैल जाएगी।
धमकी-जबरन वसूली जैसे अपराधों में लिप्त
जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि इस गिरोह ने मार्च 2024 और जुलाई 2025 के बीच ग्रेटर लॉस एंजिलस इलाके में ड्रग तस्करी करने वाले विरोधी समूहों से लगभग 520 किलोग्राम कोकीन चुराई थी। बराड़ पर लगे आरोप ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ का हिस्सा हैं। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, बराड़ और बिश्नोई गिरोह के अन्य कथित नेताओं ने भारतीय मूल के लोगों समेत कई पीड़ितों से जबरन वसूली के लिए हिंसा और धमकियों का इस्तेमाल किया। अभियोजकों का यह भी आरोप है कि यह संगठन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी और प्रतिद्वंद्वी गिरोहों से ड्रग्स की खेप चुराकर अपने कामकाज के लिए पैसे जुटाता था।
निज्जर की हत्या के लिए भी जिम्मेदार ठहराया
एफबीआई ने कहा कि बराड़ अमेरिका में रहता है। वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का अमेरिकी मुखिया हो सकता है। यह गिरोह हत्याओं, गोलीबारी की घटनाओ, अपहरण, फिरौती तथा हथियारों एवं नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है। अमेरिकी अभियोजकों ने बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में 2023 में हुई सिख राजनेता एवं धर्मगुरु हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए भी जिम्मेदार ठहराया है।

Comment List