तमिलनाडु की जेल में बड़ी सेंधमारी, बीमारी का बहाना बनाकर 17 कैदी फरार; चार गिरफ्तार
सरकारी अस्पताल में उपचार जारी
तमिलनाडु। थेनी जिले की थेक्कम्पट्टी जेल में सोमवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर 17 कैदी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, कैदियों ने एक साथी को मिर्गी का दौरा पड़ने का बहाना बनाया। मदद के लिए बैरक में पहुंचे जेलकर्मियों पर अचानक हमला कर सभी कैदी भाग निकले। घटना में ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य कर्मचारी भी घायल हुए। थंगापांडी का जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है।
दक्षिण क्षेत्र के आईजीपी विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि पुलिस ने चार फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं। मदुरै, डिंडीगुल और केरल के इडुक्की जिले में अलर्ट जारी किया गया है। डिंडीगुल में 16 चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की जांच की जा रही है। डीएमके सांसद पी. विल्सन ने घटना को शर्मनाक बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर इस्तीफे की मांग की।

Comment List