पानी की किल्लत को लेकर पार्षद के साथ किया विरोध प्रदर्शन
शहर वासियों ने बताया कि लगभग 5 से 7 दिन के अंतराल पर पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
रावतसर। शहर में गर्मी बढ़ने के साथ साथ पेयजल की भयंकर किल्लत का शहर वासियों को सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय जलदाय विभाग कार्यालय में रोजाना पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर कस्बे के विभिन्न वार्डों से लोग पहुंच रहे है। रविवार को वार्ड पार्षद गौतम बंसल के साथ कुछ पार्षद व नागरिक पेयजल की मांग को लेकर रामलीला पार्क में स्थित पानी की टंकी के पास इकट्ठे हुए और अधिकारियों को पेयजल की सप्लाई सुचारू नहीं करने पर टंकी पर चढ़ने की चेतावनी दी। लेकिन अधिकारियों ने पार्षदों को दूरभाष पर ही शीघ्र ही वार्ड में पेयजल सप्लाई सुचारू करने का आश्वासन दिया और थोड़ी देर बाद वार्ड 21 में पेयजल सप्लाई छोड़ दी गई।
इसी क्रम में सोमवार को वार्ड 9, 20 व 21 मैं पेयजल सप्लाई नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए लगभग दो दर्जन महिला व पुरुष जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचे और पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की। सहायक अभियंता हेमंत कुमार सोनी ने बताया कि जहां पर पेयजल सप्लाई की मांग कर रहे हैं वह क्षेत्र काफी ऊंचा है इसलिए वहां पर पानी कम पहुंचता है। शहर वासियों ने बताया कि लगभग 5 से 7 दिन के अंतराल पर पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है लेकिन वह भी हमारे घरों तक नहीं पहुंच पा रहा है।प्रदर्शन कर रहे महिला व पुरुषों ने बताया कि यह समस्या वर्षों से है लेकिन विभाग द्वारा कोई हल नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन मैं शामिल लोगों ने बताया कि हमारे क्षेत्र की गलियां बहुत संकरी है इसलिए घर तक पानी का टैंकर भी नहीं पहुंच पाता है। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद देवीलाल नाथ, ओमप्रकाश,महेंद्र कुमार, सुनील सोनी, अरुण कुमार, रमेश जाजू आदि शामिल रहे।

Comment List