दिवाली से पहले परकोटे में रातभर चला सफाई अभियान, मेयर-कमिश्नर ने भी थामी झाड़ू
ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0 में 2500 सफाईकर्मी और 1000 संसाधन लगाए
जयपुर। दिवाली से पहले राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार रात परकोटे में विशेष सफाई अभियान चलाया। 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0' के तहत रात 12 बजे शुरू हुआ अभियान पूरी रात जारी रहा। इसमें करीब 2500 सफाईकर्मी और 1000 संसाधन लगाए गए। परकोटे के प्रमुख बाजारों, सड़कों और अंदरूनी गलियों से कचरा हटाया गया। मेयर सुनील कोठारी और कमिश्नर ओम कसेरा भी अभियान में शामिल हुए। मेयर ने खुद झाड़ू लगाकर सफाई की।
मेयर ने कहा कि दीपोत्सव पर लोग अपने घरों की विशेष सफाई करते हैं, उसी तरह निगम शहर के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने में जुटा है। शहर की सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं की समस्या पर उन्होंने इन्हें गंभीर मुद्दा बताते हुए आमजन के सहयोग की जरूरत जताई। वार्ड स्तर पर युवाओं को जोड़कर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि दिन में बाजारों में यातायात और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए रात में सफाई अभियान चलाया गया, ताकि आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने लोगों से कचरा सड़कों पर नहीं फेंकने और संग्रहण गाड़ियों में ही डालने की अपील की। निगम की ओर से 'रंग दे गुलाबी 2.0' के बाद अब ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0 आयोजित किया गया है। जल्द ही स्वच्छता मैराथन होगी। इन अभियानों का उद्देश्य शहरवासियों में स्थायी स्वच्छता की आदत विकसित करना है।

Comment List