मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 दिसंबर को झालावाड़ और ओडिशा दौरे पर, महिला सशक्तिकरण जनसभा में होंगे शामिल, मारवाड़ महोत्सव में देंगे संदेश
झालावाड़ में महिला सशक्तिकरण, सम्बलपुर में मारवाड़ महोत्सव
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 दिसंबर को एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे झालावाड़ में महिला सशक्तिकरण जनसभा को संबोधित करेंगे और ओडिशा के सम्बलपुर में मारवाड़ महोत्सव में भाग लेकर प्रवासी राजस्थानियों से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 दिसंबर, सोमवार को एक दिवसीय व्यस्त दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजस्थान के झालावाड़ जिले में महिला सशक्तिकरण एवं जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं ओडिशा के सम्बलपुर में आयोजित मारवाड़ महोत्सव में भी भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री प्रातः 10.50 बजे जयपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान कर दोपहर 12.20 बजे झालावाड़ जिले की डग पंचायत समिति के ग्राम दुधालिया स्थित हैलीपेड पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे सीधे कार्यक्रम स्थल जाएंगे, जहां दोपहर 12.30 से 2.00 बजे तक आयोजित महिला सशक्तिकरण एवं जनसभा में सहभागिता करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री महिलाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सरकारी योजनाओं को लेकर अपना संबोधन देंगे।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री दुधालिया हैलीपेड से कोलाना हवाईपट्टी, झालावाड़ पहुंचकर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। नई दिल्ली पहुंचने के बाद वे ओडिशा के झारसुगुड़ा जाएंगे, जहां सायं 5.15 बजे वीर सुरेन्द्र साई एयरपोर्ट पर आगमन होगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री सायं 6.30 बजे सम्बलपुर स्थित प्रभु चन्द्रा रिसोर्ट पहुंचेंगे, जहां सायं 6.30 से रात्रि 9.00 बजे तक आयोजित मारवाड़ महोत्सव में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे प्रवासी राजस्थानी समाज को संबोधित करते हुए राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विकास यात्रा पर प्रकाश डालेंगे।
महोत्सव के बाद मुख्यमंत्री रात्रि में झारसुगुड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली होते हुए जयपुर के लिए रवाना होंगे और 23 दिसंबर की मध्यरात्रि 12.25 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Comment List