सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत ईट राइट स्कूल अभियान, मिड-डे मील के लिए लिए सैंपल
मिड-डे मील : 10 विद्यालयों के करीब 3000 विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान
जयपुर। शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत चलाए जा रहे सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के अंतर्गत जयपुर द्वितीय में ईट राइट स्कूल अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत 10 विद्यालयों के करीब 3000 विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान और खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक किया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देश तथा सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हेल्दी फूड, श्री अन्न (मिलेट्स) के महत्व और सस्टेनेबल फूड की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान के सरल तरीकों के बारे में बताया गया।
विद्यार्थियों को पैक्ड फूड की लेबलिंग पढ़ने, अनसेफ और सब-स्टैंडर्ड खाद्य पदार्थों में अंतर समझने तथा जंक फूड के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। छात्रों को स्वस्थ भोजन अपनाने की शपथ भी दिलाई गई। अभियान के तहत राजकीय विद्यालयों से मिड-डे मील भोजन के नमूने भी लिए गए। वहीं, सुबह मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से जवाहर सर्किल पर आमजन को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में जयपुर द्वितीय के खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List