हज 2026 के आवेदन शुरू : शॉर्ट टाईम हज का विकल्प भी उपलब्ध, 20 दिन होगी अवधि
इच्छुक हज यात्री 7 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते
सेंट्रल हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जयपुर। सेंट्रल हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक हज यात्री 7 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार पहली बार शॉर्ट टाईम हज का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है, जिसकी अवधि लगभग 20 दिन होगी।
राजस्थान स्टेट हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी शाहिद मोहम्मद के अनुसार शॉर्ट टाईम हज में मदीना शरीफ में 2 से 3 दिन की रिहाइश का इंतजाम रहेगा। इस विकल्प के तहत यात्रियों को सामान्य हज से अधिक राशि अदा करनी होगी। शॉर्ट टाईम हज के लिए सीटें सीमित हैं और इसके लिए अलग से कुर्राअंदाज़ी (लॉटरी) की जाएगी। अगर कोई आवेदक इसमें चयनित नहीं होता, तो उसका नाम सामान्य हज की लॉटरी में शामिल किया जाएगा। एक बार शॉर्ट टाईम हज में नाम आने के बाद उसे सामान्य हज में नहीं बदला जा सकेगा।
शॉर्ट टाईम हज के लिए 7 एम्बार्केशन प्वाइंट्स :
अहमदाबाद, बैंगलोर, चेन्नई, कोचीन, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई में से किसी एक को चुना जा सकता है। मक्का और मदीना में हज यात्रियों के लिए वैकल्पिक कैटरिंग सुविधा की भी योजना बनाई जा रही है, जिसके लिए अलग से भुगतान करना होगा। एक कवर में 1 से 5 हज यात्री आवेदन कर सकते हैं, जबकि 65 वर्ष से अधिक की आरक्षित श्रेणी में 2 या 4 यात्री आवेदन कर सकते हैं। पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य है।

Comment List