22 जिलों में पंचायतीराज का दूसरा चरण, शाम 6 बजे तक 64.32 प्रतिशत मतदान
धीरे-धीरे बढ़ा मतदान का प्रतिशत
जयपुर। राज्य में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को 22 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान शाम 6 बजे तक छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए। शाम छह बजे तक 64.32 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे से ईवीएम मशीनों के माध्यम से शुरू हुआ। इस चरण में जिला परिषद के 352 वार्डों और 124 पंचायत समितियों के 2,197 वार्डों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
ईवीएम में खराबी, मशीनें बदली गईं :
राज्य में कई स्थानों पर ईवीएम खराबी से मतदान में देरी हुई। इससे जोधपुर, अजमेर, झुंझुनूं सहित अन्य जिलों में मशीनें बदली गईं। दोपहर दस बजे 13.68, एक बजे 34.92, दोपहर तीन बजे 49.27 मतदान हुआ। समय गुजरने के साथ ही धीरे-धीरे मतदान बढ़ता रहा। उदयपुर की देवला पंचायत समिति में दोपहर 3 बजे तक सर्वाधिक 65.41 प्रतिशत और बीकानेर की बीठनोक में 62.84 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रत्येक मतदाता ने दो वोट डाले :
प्रत्येक मतदाता ने दो वोट डाले-एक जिला परिषद सदस्य और दूसरा पंचायत समिति सदस्य के लिए।
परिणाम 20 नवंबर को आएंगे। अगला चरण पंच-सरपंच 30 अक्टूबर को है।
मतदान आधे घण्टे रुका रहा :
जोधपुर के तिंवरी के दो बूथों पर ईवीएम खराब होने से मतदान आधे घंटे रुका रहा। अजमेर के दो बूथों पर ईवीएम खराब, 30 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ, पाटन में मतदाताओं ने किया मतदान बहिष्कार। झुंझुनूं के सिंघाना बूथ 71 व भुकाना बूथ 99 में ईवीएम खराबी।
मांगें पूरी नहीं होने पर मतदान का बहिष्कार :
दौसा के करणपुर में परिसीमन का विरोध, भीलवाड़ा के अरवड़-संतोषपुरा में जनसमस्याओं का निराकरण नहीं होने पर, पाली केउमकली और नागौर के लूनियावास में ग्राम पंचायत की मांग पर, झालावाड़ के पिड़ावा सुनेलद्ध के मीरपुरा गांव में समस्याओं का निदान नहीं होने पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। डूंगरपुर के आसपुर सहित कुछ बूथों पर ईवीएम खराबी की शिकायत, मतदान प्रभावित।

Comment List