शहर की सरकार चुनने का दिन : पहले चरण में 162 निकायों में मतदान, 20,623 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में होगी कैद
वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान होगा। प्रदेश के 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में पार्षद पद के लिए वोट डाले जाएंगे। प्रत्याशियों केवल डोर टू डोर संपर्क कर मतदाताओं से वोट की अपील की। मतदान से पहले 48 घंटे का साइलेंस पीरियड लागू है।
जिन निकायों में पहले चरण में मतदान होगा, उनमें 4 नगर निगम (अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा), 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं। कुल 5,393 वार्डों में होने वाले चुनाव में 20,623 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनका फैसला 57 लाख 52 हजार 278 मतदाता करेंगे। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले चरण के मतदान के लिए 7,683 मतदान केन्द्र बनाए हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्इस चरण के लिए 46,648 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। मतदान दलों को मंगलवार को रवाना किया गया। मतदान के दिन संबंधित निकायों में सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
इन नगर निगम और नगर परिषदों में मतदान :
बीकानेर, अलवर, भरतपुर और भीलवाड़ा नगर निगम हैं, जबकि नागौर, कोटपूतली, चूरू, सुजानगढ़, धौलपुर, सवाई माधोपुर, शाहपुरा, चौमूं, जालोर, बारां, बूंदी, झालावाड़, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना, कुचामन सिटी, करौली, भिवाड़ी, खैरथल, तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और ब्यावर आदि नगर परिषद हैं।
दूसरे चरण के चुनाव में थम जाएगा शोर-शराबा :
दूसरे चरण में शामिल निकायों में चुनाव प्रचार का बुधवार को अंतिम दिन रहेगा। दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर को जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर समेत शेष निकायों में मतदान होगा। दूसरे चरण में 147 निकायों में 4,695 वार्डों में करीब 18,266 प्रत्याशी मैदान में हैं। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।
इन नगर पालिकाओं में होगा मतदान :
केकड़ी, पीसांगन, सरवाड़, नसीराबाद, सावर, तांतोटी, जायल, मूंडवा, बासनी, कुचेरा, निवाई, पीपलू, देवली, उनियारा, दूनी, विजयनगर, मसूदा, बीगोद, पावटा प्रागपुरा, विराटनगर, नारायणपुर, बानसूर, सूरतगढ़, श्रीविजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़, घड़साना, नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी, रावतसर, राजगढ़, रतननगर, छापर, भुसावर, रूपवास, राजाखेड़ा, मनियां, सैपऊ, बौंली, खंडार, बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा, फागी, वाटिका, रामगढ़, नौगांव, मालाखेड़ा, बहादुरपुर शामिल हैं। साथ ही लक्ष्मणगढ़, खाटूश्यामजी, दांता, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, रींगस, अजीतगढ़, पलसाना, पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ, मलसीसर, आहोर, सायला, सोजत सिटी, सोजत रोड, रानीखुर्द, मारवाड़ जंक्शन, शिवगंज, आबूरोड, मंडार, रामगंजमंडी, सुकेत, सांगोद, इटावा, सुल्तानपुर, अंता, सीसवाली, देई, केशवरायपाटन, झालरापाटन, भवानीमंडी, डग, भींडर, वल्लभनगर, फतेहनगर सनवाड़, बेगूं, रावतभाटा, नाथद्वारा, आमेट, अरनॉद, खाजूवाला, नोखा, देशनोक, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, बालेसर सत्ता, भोपालगढ़, बिलाड़ा, मथानिया, तिवरी, पीपाड़ सिटी, जसोल, गुड़ामालानी, समदड़ी, कामां, पहाड़ी, सीकरी, बांदीकुई, बसवा, मंडावर, महुवा, सिकराय, भांडारेज, सपोटरा और मंडरायल नगर पालिका शामिल हैं।

Comment List