अभेड़ा में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली
शिकायती बोर्ड पर लिखे एक्सईएन के मोबाइल नम्बर में पीछे के दो अंक गलत
कोटा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नांता स्थित अभेड़ा महल घूमने आए पर्यटकों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की गई। यहां कार पार्किंग करने के 25 रुपए वसूले गए। जबकि, कार का किराया केडीए द्वारा मात्र 10 रुपए तय किया गया है। इसके बावजूद अधिक राशि लिए जाने से खफा पर्यटकों ने नवज्योति से शिकायत की। सबूत के रूप में पर्चियां भी सौंपी है। दरअसल, गुरुवार को छुट्टी का दिन होने से बड़ी संख्या में पर्यटक परिवार संग अभेड़ा महल पहुंचे थे। यहां टिकट काउंटर पर बैठे ठेकेदार के कार्मिकों ने चार पहिया वाहनों की पार्किंग की पर्चियां थमा कार सवारों से भी 25 रुपए वसूल लिए। लोगों ने वहां बोर्ड पर लिखे जेईएन को फोन कर मामले की शिकायत की।
दीवारों पर रेट लिस्ट चस्पा नहीं
अभेड़ा महल की दीवारों पर पूर्व में रेट लिस्ट चस्पा रहती थी। जिससे लोगों को एंट्री से पहले ही टिकट दरों की जानकारी मिल जाती थी लेकिन शुक्रवार दोपहर तक यहां रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी। नतीजन, पादर्शिता के अभाव में टिकट दरों में मनमजी का खेल किए जाने की संभावना बनी रहती है।
एक्सईएन के नम्बर में भी गड़बड़ी
पर्यटकों ने नवज्योति को बताया कि महल के एंट्री गेट के बाहर केडीए के तीन अधिकारियों के नम्बर लिखे हैं। जिसमें जेईएन व एईएन के मोबाइल नम्बर तो सही हैं लेकिन एक्सीईएन के नम्बर में पीछे के पांच डिजिट में दो नंबर आगे-पीछे कर रखे हैं। ऐसे फोन लगाने पर नम्बर गलत आता है। नवज्योति ने मामले की सत्यता जांची तो शिकायत सही पाई गई।
यह है मामला
केडीए द्वारा अभेड़ा महल का संचालन ठेका फर्म के माध्यम से किया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए टिकट दरें निर्धारित की गई हैं। महल आने वाले पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 10 रुपए है। वहीं, पार्किंग शुल्क वाहनों की अलग-अलग कैटेगिरी के अनुसार निर्धारित है। यहां बाइक पार्किंग के 5 रुपए व चार पहिया वाहनों में कार, जीप, आॅटो के 10 रुपए तथा ट्रक, बस और ट्रैक्टर के 25 रुपए किराया निर्धारित है। ऐसे में 15 अगस्त को महल देखने आए कार सवार पर्यटकों को चार पहिया वाहन पार्किंग की पर्ची थमा 25 रुपए वसूल लिए। जबकि, चार पहिया वाहनों की श्रेणी में कार से बसें तक आती हैं और दोनों तरह के वाहनों का पार्किंग किराया भी अलग-अलग है। यहां ठेकेदार द्वारा वाहन पार्किंग किराए की पर्ची में वाहनों की श्रेणी का जिक्र नहीं किया गया। जिसका फायदा उठाकर कार्मिकों ने कार का किराया भी हैवी वाहनों का वसूल लिया।
पर्यटक बोले-कार के 10 की जगह 25 वसूले
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दोपहर 2.30 बजे अभेड़ा महल गए थे। यहां टिकट काटने वालों ने कार पार्किंग का किराया 25 रुपए वसूला। जबकि, शुल्क 10 रुपए निर्धारित है। इसका विरोध भी किया लेकिन उन्होंने नहीं माना। ऐसे में मजबूरी में जो शुल्क मांगा वो देना पड़ा।
- अनिल कुमार प्रजापति, पर्यटक
मैं परिवार के साथ महल गया था। जहां पार्किंग में कार के 25 रुपए ही वसूले, जो सरासर अवैध वसूली थी। इसकी शिकायत के लिए वहां बोर्ड पर लिखे एक्सईएन को फोन किया तो नम्बर गलत बताया गया।
- हिमांशु कुमार, पर्यटक
दोस्तों के साथ मैं दोपहर को महल घूमने गया था। यहां हम से कार का किराया 25 रुपए वसूला गया। जबकि, यह किराया बस, ट्रैक्टर व ट्रक का होता है। कार, जीप व आॅटो का शुल्क 10 रुपए ही है। टिकट पर सिर्फ चार पहिया वाहन ही लिखा है। पर्ची में वाहनों की श्रेणी न लिखकर हल्के और भारी चार पहिया वाहनों को एक ही श्रेणी में शामिल कर अवैध वसूली को अंजाम दिया। जिसकी शिकायत जेईएन से भी की थी। लेकिन, कुछ नहीं हुआ।
- रिंकू मेहता, पर्यटक
इनका कहना है
कॉन्ट्रेट में 15 अगस्त को अभेड़ा महल नि:शुल्क रखे जाने को लेकर लिखा हुआ नहीं है। लेकिन, दीपावली व होली को नि:शुल्क रखने का जरूर लिखा है। वाहनों की पार्किंग का अधिक शुल्क लिए जाने का मामला गुरुवार को जानकारी में आ गया था। जिस पर शुक्रवार को एईएन को भेज पर्ची देखी तो सही थी। हालांकि, मामला दिखवाकर जांच करवाएंगे। वहीं, बोर्ड पर लिखे मेरे नम्बर सही करवाने व पेंटर भेजकर रेट लिस्ट चस्पा करवाने के निर्देश दे दिए हैं।
- अंकित अग्रवाल, एक्सईएन केडीए
यहां पार्किंग का तीन तरह का शुल्क होता है। बाइक के 5, कार का 10 तथा हैवी वाहन का 25 रुपए निर्धारित है। कार के हमने 10 रुपए ही किराया लिया है। इन पर्चियों में साफ तौर पर कार लिखा है। हालांकि, चार पहिया वाहन वाली डायरी गलत छप गई, जिसे सही करवाया जा रहा है। इसमें चार पहिया वाहन की जगह बस,ट्रैक्टर व बड़े वाहन लिखवाया जाना था, जिसे सही करवाने भेज दिया है। यह सुधार वाली बात है। हमने टेंडर लेने के पहले दिन ही महल की सफाई करवाई, रंगाई-पुताई करवाने के साथ राजसी वैभव को प्रदर्शित करती सैनिकों की पेंटिंग्स भी नई बनवाई। अभी टेंडर लिए 15 दिन ही हुए हैं, हम लगातार सुधार कर रहे हैं।
- शिव शर्मा, संवेदक अभेड़ा महल

Comment List