नवरात्र में राजस्थान में वाहन बिक्री 6.37% घटी, यात्री वाहनों की मांग में 22% की गिरावट ट्रैक्टर बिक्री 37% बढ़ी
नवरात्र में कुल 78,894 वाहन बिके
जयपुर । राजस्थान में नवरात्र के दौरान वाहन खुदरा बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के जारी अनंतिम आंकड़ों के अनुसार, 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक राज्य में कुल 78,894 वाहनों की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल नवरात्र के दौरान 84,265 वाहन बिके थे। इस तरह वाहन बिक्री में सालाना आधार पर 6.37 प्रतिशत की कमी आई। फाड़ा राजस्थान के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने बताया कि वाहन बाजार में सबसे अधिक गिरावट यात्री वाहनों और दोपहिया वाहनों की श्रेणी में रही।
यात्री वाहनों की बिक्री 21.96 प्रतिशत घटकर 13,160 रह गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 16,864 यात्री वाहन बिके थे। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी 59,800 से घटकर 57,210 रह गई। इसमें 4.33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत, ट्रैक्टरों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। नवरात्र के दौरान 3,575 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 2,607 थी। इस तरह ट्रैक्टर बिक्री में 37.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह सभी वाहन श्रेणियों में सबसे अधिक बढ़ोतरी रही।

Comment List