मायावती ने सरकारों को घेरा: सरकारी नौकरियों पर लगी रोक हटाने की मांग; रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती तत्काल शुरू करने को कहा

हर परिवार को मिले रोजगार

मायावती ने सरकारों को घेरा: सरकारी नौकरियों पर लगी रोक हटाने की मांग; रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती तत्काल शुरू करने को कहा
बसपा सुप्रीमो मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों से सरकारी भर्तियों पर लगी रोक हटाने और रिक्त पदों को पारदर्शी तरीके से भरने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलने से लाखों परिवारों का भला होगा और आरक्षण का संवैधानिक लाभ सुनिश्चित होगा।

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने सरकारी नौकरियों में भर्ती पर लगी रोक हटाकर रिक्त पदों पर पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिल जाए तो लाखों परिवारों को सीधा लाभ होगा और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को आरक्षण का संवैधानिक लाभ भी मिल सकेगा।

मायावती ने सोमवार को ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि बसपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में पुलिस और पंचायती राज विभाग में करीब सवा दो लाख नए सरकारी पद सृजित किए गए थे। साथ ही नौकरियों की भर्ती पर लगी रोक हटाकर सर्वसमाज के लाखों लोगों की सरकारी नौकरियों में बहाली की गई थी। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश समेत उत्तराखंड और पंजाब आदि राज्यों में महंगाई, अति-गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, बदतर स्वास्थ्य व्यवस्था, पिछड़ापन, पलायन, महिला असुरक्षा, पेपरलीक और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होने आरोप लगाया कि इन गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग के बावजूद सरकारें ज्यादातर मामलों में उदासीन और लापरवाह बनी हुई हैं।

बसपा प्रमुख ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नाम से विशेषकर बेरोजगारी और अंधकारमय भविष्य से पीड़ित तथा आहत शिक्षित युवा-युवतियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिन तक आंदोलन चलाकर इन ज्वलंत मुद्दों को राष्ट्रीय महत्व की गंभीर चर्चा का विषय बनाया। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के कारण देश के शिक्षा मंत्री को भी अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों से देश के गरीबों, श्रमिकों, युवाओं, महिलाओं, मेहनतकश लोगों तथा बेरोजगारी से प्रभावित परिवारों की वास्तविक चिंता करते हुए तत्काल कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राष्ट्रीय संपत्तियों को निजी हाथों में बेचने की प्रक्रिया रोकने के साथ सभी सरकारी विभागों में रिक्त पड़े लाखों पदों पर पेपरलीक और भ्रष्टाचार से मुक्त समयबद्ध भर्ती शुरू की जानी चाहिए, ताकि समस्या का तत्काल समाधान हो सके।

मायावती ने कहा कि यदि एक परिवार में एक व्यक्ति को भी सरकारी नौकरी मिल जाती है तो लाखों परिवारों का सीधे तौर पर भला होगा। साथ ही इससे एससी, एसटी और ओबीसी समाज को वह सुरक्षा मिल सकेगी जो आरक्षण को काफी हद तक निष्प्रभावी और निष्क्रिय बना दिए जाने के कारण प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रदत्त आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने के बजाय बड़ी संख्या में लोग गरीबी और लाचारी का जीवन जीने को मजबूर हैं।

Read More सुप्रीम कोर्ट का केंद्र को सख्त निर्देश : फुटपाथ पर चलना मौलिक अधिकार, हटाएं अतिक्रमण

बसपा अध्यक्ष ने सभी सरकारों से अपील की कि वे हर हाल में मुनाफाखोरी और लाभ कमाने वाली व्यापारी मानसिकता को त्यागकर संविधान के सही मानवतावादी और कल्याणकारी नीति-सिद्धांतों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से लागू करें। उन्होंने कहा कि यही हर हाथ को काम देने और देश व जनहित में लाखों दुखों की एक दवा साबित हो सकती है। मायावती ने संसद के वर्तमान सत्र में जंतर-मंतर पर आंदोलित छात्र-छात्राओं और बेरोजगार युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार जारी गतिरोध समाप्त किए जाने की भी मांग की और कहा कि उचित बहस और चर्चा के बिना सरकारी विधेयकों को पारित कर कानून बनाने की प्रक्रिया पर विराम लगना चाहिए।

Read More ग्राहकों को ऑनलाइन गुमराह करना पड़ा महंगा : 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म पर CCPA का शिकंजा, 20 लाख का लगाया जुर्माना

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

किसी वाहन की कमानी टूट रही, तो किसी का बिगड़ रहा संतुलन किसी वाहन की कमानी टूट रही, तो किसी का बिगड़ रहा संतुलन
गड्ढों में तब्दील हुई टिपटा की सड़क, हर कदम पर खतरा।
हाड़ौती का ‘मिनी गोवा’ बेजार, बारिश की आस में पिकनिक स्पॉट
असर खबर का...मिट्टी और कार्य प्रगति का हटाया बोर्ड, दूर हुई बाधा
असर खबर का...आधुनिक मोटर मार्केट में निगम ने शुरू की सफाई
गुप्त वृन्दावन धाम में राधा-श्यामसुंदर विग्रह निर्माण का शुभारंभ, सीएम भजनलाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष शिलाओं का किया पूजन
बारिश ने बिगाड़ा रसोई का बजट: टमाटर समेत सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंचे, गोभी 100 रुपये किलो तक बिकी
Weather Update : राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 24 में येलो अलर्ट