181 राजस्थान संपर्क पोर्टल की हकीकत परखने आम नागरिक बने शासन सचिव ,मौके पर कराया शिकायतों का समाधान
बसों के ठहराव और सीवरेज व्यवस्था की होगी निगरानी
जयपुर । आमजन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने गुरुवार को 181 राजस्थान संपर्क पोर्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं आम नागरिक बनकर पोर्टल पर कॉल किया और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने दर्ज शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करवाया। निरीक्षण के दौरान चित्तौड़गढ़ में सड़क पर सीवरेज का पानी फैलने की शिकायत सामने आई। शासन सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिशासी अभियंता जितेंद्र मीणा को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही काम से पहले और बाद की तस्वीरें मुख्यालय भेजने को कहा, ताकि कार्रवाई की प्रभावी निगरानी हो सके।
इसी तरह जयपुर के गोनेर स्थित ठाणे बस स्टैंड पर बसों के नहीं रुकने की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बसों का ठहराव सुनिश्चित करने और जीपीएस के जरिए निगरानी करने के निर्देश दिए। शिकायतों के लिए बनेगा अलग सेल रवि जैन ने विभाग में संपर्क पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण के लिए पृथक सेल गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई हो और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निदेशक अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List