स्वच्छता सर्वेक्षण में पहली बार जयपुर देश के टॉप-20 शहरों में हुआ शामिल, नगर निगम ग्रेटर को 16वीं रैंक
रात को सफाई की भी रही अहम भूमिका, लेकिन कई पड़ाव अभी बाकी
यह सफलता हमारे शहरवासियों, स्वच्छता प्रहरियों और निगम प्रशासन की मेहनत का नतीजा है।
जयपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में नगर निगम हेरिटेज और ग्रेटर ने इस बार अपनी रैंकिंग में बड़ा सुधार किया है। इतिहास में पहली बार नगर निगम जयपुर हेरिटेज और ग्रेटर देश के टॉप-20 शहरों में अपनी जगह बनाई है। नगर निगम ग्रेटर को देशभर में 16वीं रैंक पर और हेरिटेज निगम (10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में) को 20वीं रैंक हासिल हुई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 का अवॉर्ड कार्यक्रम गुरुवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर में अवॉर्ड जीतने वाले शहरों के प्रतिनिधियों को अलग-अलग अवॉर्ड से नवाजा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राजस्थान के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा और निगम अधिकारी मौजूद रहे।
स्वच्छ सर्वेक्षण में डूंगरपुर देशभर के 20 से 50 हजार की आबादी वाले शहरों की स्वच्छ सुपर लीग में शामिल हुआ है।
राजस्थान में स्वच्छ रैंकिंग में डूंगरपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर का दर्जा दिया गया है। प्रदेश में प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर का अवॉर्ड जयपुर नगर निगम ग्रेटर को दिया गया है। वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर लगातार आठवीं बार सबसे स्वच्छ शहरों में शीर्ष स्थान पर रहा। वहीं सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार 3.10 लाख जनसंख्या वर्ग में चंडीगढ़, नोएडा और उज्जैन ने बाजी मारी। स्वच्छ सर्वेक्षण मिशन में 4500 से अधिक शहरों को कवर किया गया।
इन पर विशेष ध्यान
जयपुर की दोनों निगमों ने ओपन कचरा डिपो खत्म करने पर फोकस किया। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और नाइट स्वीपिंग के जरिए सड़कों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर करने पर ध्यान दिया था। इस वजह से ग्रेटर और हेरिटेज पहली बार देश के टॉप-20 शहरों में शामिल हुए हैं। वहीं वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, कंस्ट्रक्शन वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की शुरुआत भी सर्वे में निगम के अंकों में बढ़ोतरी के लिए अहम रहा।
यहां सफाई के मिले 100 प्रतिशत अंक
स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम हेरिटेज को भी 3 स्टार रेटिंग मिली है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में 91 प्रतिशत, अलग-अलग कचरा करने पर 50 प्रतिशत, वेस्ट जेनरेशन और प्रोसेसिंग में 86 प्रतिशत अंक मिले। रेजिडेंशियल और कॉमर्शियल एरिया में सफाई के मामले में दोनों निगमों को 100 प्रतिशत अंक मिले हैं। ग्रेटर को 3 स्टार रेटिंग दी गई है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में 91 प्रतिशत, कचरा अलग-अलग करने में 89 प्रतिशत, वेस्ट जेनरेशन और प्रोसेसिंग में 75 प्रतिशत अंक मिले हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार हेरिटेज निगम ने स्वच्छता में अच्छी रैंक हासिल की है। यह सफलता हमारे शहरवासियों, स्वच्छता प्रहरियों और निगम प्रशासन की मेहनत का नतीजा है। अगली बार जयपुर को स्वच्छता में प्रथम बनाना है।
-कुसुम यादव, महापौर
नगर निगम हेरिटेज
स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में जयपुर के दोनों नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत के प्रथम 20 स्वच्छ शहरों में शामिल हुए हैं। नगर निगम ग्रेटर को 16 वां स्थान तो हेरिटेज को 20वां स्थान प्राप्त हुआ है आने वाले समय में जब जयपुर के दोनों निगम एक हो जाएंगे तो यह स्थान प्रथम 10 में हो और एक दिन हम प्रथम स्थान पर हो, यही हम सब का प्रयास होना चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता पर रखते हुए जो सहयोग दिया, उसके कारण यह संभव हो पाया।
-पुनीत कर्णावट, उपमहापौर
नगर निगम जयपुर-ग्रेटर

Comment List