कम्पनी के स्टॉक में सेंध : करोड़ों का माल साफ, 7 कर्मचारी पकड़े
5 आरोपियों से डायमंड, पोकी और पन्ना बरामद
जयपुर। सदर थाना पुलिस ने बनीपार्क स्थित एक निजी कम्पनी में करीब दो साल से चल रही चोरी का खुलासा करते हुए सात आरोपियों शुभम सैन निवासी गजनेर बीकानेर हाल खोहनागोरियान, विष्णु कुमार प्रजापत निवासी सिकंदरा दौसा हाल विलेपार्ले ईस्ट मुम्बई, अकिंत साह निवासी मुजफ्फरपुर बिहार हाल आदर्श नगर, गगन कुमार निवासी मुजफ्फरपुर बिहार हाल रामगंज, गौतम शर्मा निवासी रायसिंह नगर बीकानेर हाल सदर, राकेश साध निवासी नाल बीकानेर हाल खोहनागोरियान और ओमप्रकाश जागिड़ निवासी शाहपुरा जयपुर ग्रामीण हाल जामडोली को गिरफ्तार किया है। आरोपी कम्पनी में कर्मचारी थे और रोजाना थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डायमंड, पन्ना, पोकी, लकरी, सोना और अन्य कीमती जेवर चोरी कर रहे थे। चोरी किए माल का डिजिटल रिकॉर्ड में हेरफेर कर स्टॉक मिलान सही दिखाया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी हुए माल का करीब 80 प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि हरे कृष्णा अपार्टमेंट बिहारी मार्ग बनीपार्क स्थित एक निजी फर्म में सोने-चांदी के जेवर का कारोबार होता है। कम्पनी में करीब 60 कर्मचारी हैं। कंपनी के संचालक मनीष कुमार ने 13 अगस्त को सदर थाने में रिपोर्ट दी कि कम्पनी के स्टॉक में लगातार कमी सामने आ रही थी। 3 अगस्त को चोरी का पता चलने के बाद स्टॉक का मिलान कराया गया, जिसमें करीब 890 कैरेट डायमंड, 870 कैरेट पोकी, 700 कैरेट लकरी, 700 ग्राम सोना, 680 कैरेट पन्ना, 450 कैरेट टूमलीन और 550 कैरेट इंग्लिश पोकी कम मिले।
लेजर में एंट्री बदलकर करते थे स्टॉक बराबर :
गिरफ्तार आरोपी कंपनी में करीब 7-8 साल से काम कर रहे थे। चोरी का सिलसिला दो साल से चल रहा था। कंपनी मालिक ने लेजर स्टेटमेंट और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया तब कर्मचारियों की करतूत सामने आई।
5 आरोपियों से डायमंड, पोकी और पन्ना बरामद :
आरोपियों से 723.30 कैरेट डायमंड, 850.90 कैरेट डायमंड पोकी और 672.35 कैरेट पन्ना बरामद किया। यह चोरी किए गए माल का करीब 80 प्रतिशत है।

Comment List