रिश्वत मामला: रिश्वतखोर एएसपी सोनी टेलर के मार्फत खान माफिया के बेटे की मंगवाता था गाड़ी
1.96 करोड़ के डमी नोट और 4 लाख नकद के साथ पकड़ाया दलाल
जयपुर। दलाल सज्जन सिंह के मार्फत दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगने वाले एसओजी के एएसपी मुकेश सोनी रिश्वत लेने के लिए अपने परिचित खान माफिया के बेटे की गाड़ी का उपयोग करते थे। उस गाड़ी को वह अपने एक दलाल टेलर के मार्फत मंगवाते और जब तक घूस नहीं मिल जाती थी तब तक उस गाड़ी में घूमते थे। इस बार दो करोड़ रुपए की घूस लेने के लिए टेलन ने एन्डेवर गाड़ी भेजी थी। जिसमें सज्जन सिंह भी सवार हुआ था। घूसखोरी करने के लिए एएसपी सोनी सारी इन्तहा पार कर देते थे।
उन्होंने एक व्यक्ति मनोहर भादू को इतना परेशान किया कि उसने सुसाइड कर लिया जबकि उससे सोनी 20 लाख रुपए की घूस ले चुका था। इस संबंध में महेश नगर थाने में एक रिपोर्ट दर्ज हुई थी। 27 सितंबर तड़के मुकेश को बालोतरा से डिटेन किया गया और उदयपुर लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उदयपुर नगर निगम के 272 भूखंडों के बहुचर्चित प्रकरण में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने और गिरफ्तारी के दौरान बरामद दस्तावेज लौटाने के बदले दो करोड़ रुपए रिश्वत मांगने का तीन दिन तक एसीबी ने रिश्वत मांग का सत्यापन किया। इस दौरान बातचीत रिकॉर्ड की गई। 26 सितंबर को दलाल सज्जन सिंह जैन ने परिवादी से दो करोड़ रुपए लिए, जिसके बाद एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच आगे बढ़ने पर उदयपुर एसओजी के एएसपी मुकेश कुमार सोनी को भी गिरफ्तार किया गया।
सज्जन कहे जो वो कर देना
सज्जन सिंह ने परिवादी को 24 सितंबर को राड़ाजी चौराहे पर बुलाया और अपनी कार से रानी रोड की तरफ ले गया। वहां खड़ी दूसरी कार में मुकेश सोनी मौजूद थे। बातचीत में एक करोड़ रुपए की मांग बढ़ाकर दो करोड़ रुपए करने की बात सामने आई। मुकेश सोनी ने मोबाइल में बड़े अक्षरों में पहले सज्जन जो कहे वो कर लेना और फिर तीस तक चार्जशीट पेश करूंगा, लिखकर परिवादी को दिखाया। 25 सितंबर को भी मांग का सत्यापन किया। दलाल ने परिवादी से रिश्वत की रकम की व्यवस्था करने को कहा और बताया कि मुकेश सोनी उससे मदद के संबंध में उसी समय फोन पर बात करेंगे।
पान मसाले के थैले में थी रकम
सज्जन सिंह के पास विमल पान मसाले का थैला मिला। तलाशी में इसमें चार लाख रुपए असली और 1.96 करोड़ रुपए के डमी नोट बरामद हुए। पूछताछ में उसने रकम मुकेश सोनी के कहने पर लेने और आगे उन्हें देने जाने की बात कही।

Comment List