बारिश में नहीं भीगेगी भाई-बहन के स्नेह की डोर
वाटर प्रूफ लिफाफे में बहनें भेज सकेंगी राखी, जिले के डाकघरों में 10 रुपए में मिलेंगे लिफाफे
बारिश के कारण राखी भीग न जाए इसके लिए डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफे के जरिए राखी भेजने की व्यवस्था की है।
कोटा। डाक विभाग की ओर से बहनों को रक्षाबंधन पर्व पर वाटर प्रूफ लिफाफे का तोहफा दिया जाएगा। दूरदराज रहने वाले भाइयों को बहनें वाटर प्रूफ लिफाफे में रक्षासूत्र सुरक्षित भेज सकेंगी। बारिश के मौसम में भी भाइयों की राखी पहुंचने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आएगी। बहनों को यह विशेष गुलाबी रंग का लिफाफा डाकघर में केवल 10 रुपए में मिलेगा। डाक विभाग की ओर से इस बार भी रक्षा बंधन पर्व से पहले राखी भेजने के लिए वाटरफ्रूफ डिजायनर लिफाफों की व्यवस्था की जा रही है।
पूरी व्यवस्था की होगी मॉनिटरिंग
रक्षाबंधन का पर्व आने में काफी समय है, लेकिन दूरदराज रह रहे भाइयों तक बहनों की ओर से भेजी जाने वाली राखी सुरक्षित रहे इसका जतन करने की तैयारी में डाक विभाग जुट चुका है। बारिश के कारण राखी भीग न जाए इसके लिए डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफे के जरिए राखी भेजने की व्यवस्था की है। यह लिफाफे जिले के सभी डाकघर और प्रधान डाकघर में बहनों को जल्द ही उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही राखी की डिलीवरी समय पर हो इसकी भी मानिटरिंग कराई जाएगी। डाक विभाग के कर्मचारियों को वाटर प्रूफ लिफाफे की छंटाई व भेजने के साथ वितरण तक की जिम्मेदारी भी प्राथमिकता के साथ दी जाएगी।
वाटर प्रूफ लिफाफेकी खासियत
डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार ये डिजानइर राखी लिफाफे वाटर प्रूफ तथा सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत हैं। इससे बारिश के मौसम में भी सुदूर सुरक्षित राखी पहुंच सकेंगी। राखी लिफाफों को चिपकाने के लिए इनमें विशेष स्टिकर का प्रयोग किया गया है जिससे गोंद की आवश्यकता नहीं होगी। 11 बाई 22 सेमी आकार के इन राखी लिफाफों का मूल्य दस रुपए मात्र रहेगा। जो डाक शुल्क के अतिरिक्त है। वाटरप्रूफ लिफाफे के बाएं हिस्से के ऊपरी भाग में भारतीय डाक के लोगो के साथ अंग्रेजी में राखी लिफाफा और नीचे दाहिने तरफ हैप्पी राखी लिखा गया है। रंगीन और डिजाइनदार होने की वजह से इन्हें अन्य डाकों से अलग करने में समय की बचत और पर्व के पूर्व वितरण कराने में भी सहूलियत होगी।
डिमांड के अनुसार होंगे उपलब्ध
जानकारी के अनुसार जयपुर स्थित प्रधान डाकघर मुख्यालय की ओर से प्रदेश के सभी डाकघरों में वाटर प्रूफ लिफाफों के सम्बंध में डिमांड मांगी गई है। कोटा जिले में करीब 24 डाक और उपडाक घर हैं। इन सभी को लिफाफों के सम्बंध में सूचना दे दी गई है। इसके बाद यहां से डिमांड जयपुर भेजी जाएगी। उसके बाद डिमांड के अनुसार डाकघरों में लिफाफे उपलब्ध कराए जाएंगे। इन लिफाफों से बहनें देश के साथ-साथ विदेशों में भी अपने भाइयों को राखी भेज सकेंगी।
उसका भाई उड़ीसा में जॉब करता है। कोटा से उड़ीसा काफी दूर होने के कारण वह राखी बांधने वहां पर नहीं जा सकती है। ऐसे में डाक विभाग की यह पहल काफी सुविधाजनक है। अब वह इस डिजाइनर लिफाफे के माध्यम से डाक विभाग द्वारा राखी भेजकर निश्चिन्त हो सकेगी।
- निहारिका गुप्ता, बंगाली कॉलोनी
डाक विभाग की ओर से वाटर प्रूफ लिफाफा उपलब्ध कराने पर काफी राहत मिलेगी। हर बार दूरदराज रहने वाले भाइयों के पास कई बहनें नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में यह लिफाफा बहनोें के लिए काफी काम आएगा। डाक विभाग में उपलब्ध होते ही वह राखी भेजने के लिए इसे खरीदेगी।
- सोनम कुमार, रायपुरा
यह लिफाफे जिले के सभी डाकघर और प्रधान डाकघर में बहनों को जल्द ही उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही राखी की डिलीवरी समय पर हो इसकी भी मानिटरिंग कराई जाएगी। डाक विभाग के कर्मचारियों को वाटर प्रूफ लिफाफे की छंटाई व भेजने के साथ वितरण तक की जिम्मेदारी भी प्राथमिकता के साथ दी जाएगी।
- प्रशांत शर्मा, सहायक डाक अधीक्षक, डाक विभाग कोटा

Comment List