शेयर बाजार में बड़ी गिरावट: सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा लुढ़का, निवेश से पहले पढ़ लें ये खबर
एसबीआई, मारुति सुजुकी, ट्रेंट और इंडिगो के शेयर बढ़त में
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखी गई और बीएसई का सेंसेक्स खुलने के कुछ देर बाद ही 800 अंक से अधिक टूट गया। सेंसेक्स 345 अंक नीचे 73,253 अंक पर खुला और कुछ ही देर में 72,772 अंक तक लुढ़क गया जो पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 826 अंक की गिरावट है। खबर लिखे जाते समय यह 498.09 अंक (0.68 प्रतिशत) नीचे था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 71 अंक फिसलकर 22,678 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 113.70 अंक यानी 0.50 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
बाजार में चौतरफा गिरावट देखी जा रही है। वृहत बाजार में लगभग सभी सूचकांक लाल निशान में हैं। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी ऑटो को छोड़कर अन्य सभी में फिलहाल गिरावट है। आईटी समूह का सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक नीचे है। एफएमसीजी और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक भी एक प्रतिशत से अधिक के नुकसान में हैं। सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस का शेयर चार प्रतिशत और टीसीए, टेक महिंद्रा तथा एचसीएल टेक्नोलॉजीज के दो से तीन प्रतिशत तक नीचे चल रहे हैं। आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टाइटन, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनीलिवर, अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयर भी एक से दो प्रतिशत की गिरावट में हैं। एलएंडटी का शेयर 4.5 फीसदी ऊपर है। एसबीआई, मारुति सुजुकी, ट्रेंट और इंडिगो के शेयर भी फिलहाल बढ़त में हैं।

Comment List