आईटी शेयरों में लिवाली के समर्थन से शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन भी तेजी, सेंसेक्स 308 अंक सुधरा
113 डॉलर प्रति बैरल पहुंचे कच्चे तेल से सतर्कता
मुंबई। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में मजबूत लिवाली और विदेशों से मिले जुले संकेतों के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को तेजी बनी रही और प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच तेल की कीमतों में तेजी तथा अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजों की प्रतीक्षा के बीच बाजार कुल मिला सावधानी की धारणा है। बीएसई सेंसेक्स सुबह तेजी के साथ खुलने के बाद अधिकतर समय कल के बंद के स्तर से ऊपर बना रहा और अंत में 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की बढ़ तके साथ 74,459.53 अंक पर बंद हुआ। बीएसई सुबह 74,199.69 पर खुला और ऊपर में 74,742.59 तक गया। एक समय यह नीचे में 74,082.03 तक भी चला गया था। कल बंद के समय सेंसेक्स 74,151.04 पर था। इसी तरह एनसीई का निफ्टी भी सुबह 22,964.50 पर खुल कर ऊपर में 23,118.10 और नीचे में 22,905.10 तक जाने के बाद अंत में कल के मुबाकले 116.35 अंक (0.51 प्रतिशत) सुधर कर 23,053.10 पर बंद हुआ।
विशेषकों के अनुसार अमेरिका में नीतिगत ब्याज दर को वर्तमान स्तर पर रखने के वहां के फेडरल रिजर्व (केंद्रीय बैंक) के फैसले से भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की धारणा पर अनुकूल असर पड़ा है। बैंकिंग सूचकांक में कल की अच्छी खासी मजबूती के बाद आज गिरावट दर्ज की गयी। बीएसई का बैंकेक्स 303.23 ( 0.49 प्रतिशत) गिर कर 61,415.25 अंक पर बंद हुआ, बीएसई विशेष आईटी इंडेक्स 730.71 अंक (1.91 प्रतिशत) के जोरदार उछाल के साथ 38,892.55 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप100 0.93 प्रतिशत गिर कर 57301.25 पर बंद हुआ।
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयर आज लाभ में रहे। लाभ में रहे शेयरों में ट्रेंट 5.20 प्रतिशत, इंडिगो 4.06 प्रतिशत, इन्फोसिस टेक 3.37 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.23 प्रतिशत पावर ग्रिड 1.57 प्रतिशत , टेक महिंद्रा 1.23 प्रतिशत, एचसीएल टेक. 1.17 प्रतिशत और टीसीएस 0.62 प्रतिशत लाभ में रहा। एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, टीसीएस और एशियन पेंट जैसे शेयर भी लाभ में बंद हुए। घाटे में रहे शेयरों में एसबीआई 1.94 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.93 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.06 प्रतिशत और एक्सिस बैंक 0.93 प्रतिशत घाटे में रहा। बजाज फाइनेंस, मारुति और एयरटेल जैसे कई प्रमुख घाटे में बंद हुए।
बजाज ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष (अनुसंधान) पबित्रो मुखर्जी ने बाजार बंद होने के बाद एक संक्षिप्त टिप्पणी में कहा, बाजार का पैमाना माने जाने वाले सूचकांकों में तेजी का सिलसिला जारी रहा और वे प्रमुख मनोवैज्ञानिक स्तरों से ऊपर बंद हुए। लार्ज-कैप शेयरों में लगातार बनी खरीदारी ने बाजार की बढ़त को समर्थन दिया। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं, जिससे व्यापक आर्थिक चिंताएं बरकरार रहीं और निवेशकों में सतर्कता का माहौल बना रहा।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सम्पत्ति प्रबंधन प्रभाग के अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका में मध्यावधि चुनाव और दुनिया के केंद्रीय बैंकों की ब्याज नीति पर बाजार की निगाह है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में दो प्रतिशत की तेजी आई और यह 113 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के नए हमलों और आपूर्ति संबंधी चिंताओं के चलते तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिला।
वैश्विक मोर्चे पर, अमेरिका की तीसरी तिमाही की आर्थिक (जीडीपी) वृद्धि दर वार्षिक आधार पर बढ़कर 3.4 प्रतिशत हो गई। वहीं, सितंबर में पीसीई (उपभोक्ता) महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 3.6 प्रतिशत रही, जबकि अगस्त में यह 3.4 प्रतिशत थी। इसके अलावा, बैंक ऑफ जापान ने अपनी नीतिगत ब्याज दर 1.25 प्रतिशत पर स्थिर रखी, हालांकि उसने भविष्य में ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना के संकेत दिए।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आंकड़ों पर आधारित नीतिगत रुख और बैंक ऑफ इंग्लैंड द्वारा 3.75 प्रतिशत की दर पर ब्याज दरों में कटौती से फिलहाल विराम देने के साथ सख्त मौद्रिक नीति के संकेतों को देखते हुए, प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सतर्क मौद्रिक नीति का माहौल बना हुआ है। खेमका का अनुमान है कि आगामी सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार सीमित दायरे में कारोबार कर सकते हैं और बीच-बीच में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मंगलवार को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव और अमेरिका-ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण निवेशकों का रुख सतर्क रहने की संभावना है।

Comment List