मिठाई है या सोने का गहना! एक पीस की कीमत 3,000, जयपुर में तैयार 1.11 लाख रुपए किलो ‘स्वर्ण प्रसादम’
अमेरिका, जापान और यूके सहित विदेशों से मिल रहे भारी ऑर्डर्स
जयपुर। दीपावली पर सोना खरीदने की परंपरा तो पुरानी है, लेकिन गुलाबी नगरी में अब सोने की मिठास भी चर्चा में है। यहां त्योहार बाय सेवन स्काइज की ‘गोल्ड सीरीज’ की मिठाई स्वर्ण प्रसादम की कीमत 1.11 लाख रुपए प्रति किलो रखी गई है। इसका एक पीस करीब 3,000 रुपए का है। चिलगोजा, प्रीमियम केसर और स्वर्ण भस्म से तैयार इस मिठाई को सुनहरी परत और ज्वैलरी बॉक्स जैसी पैकिंग खास बनाती है। इसे पेश करने वाली अंजलि जैन के मुताबिक, इसका उद्देश्य मिठाई में शाही अंदाज और नए प्रयोग का संगम करना है इसका हमने पेटेंट करवा रखा है।
विदेशों से मिल रहे हैं ऑर्डर
अमेरिका, जापान, सिंगापुर, दुबई और यूके से लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं। यह दिवाली स्वर्ण प्रसादम के साथ मनाने के लिए कस्टमर्स लगातार डिमाण्ड कर रहे है।
दिवाली पर खास ‘पटाखा थाल’
अंजलि जैन ने दीपावली के लिए खास ‘पटाखा थाल’ भी तैयार की है। इसमें काजू की मिठाइयों को सुतली बम, अनार, चकरी और दीये जैसे आकार दिए गए हैं। इस तरह मिठाई का बाजार अब स्वाद के साथ प्रस्तुति और उपहार की भव्यता पर भी जोर दे रहा है।

Comment List