प्रदेश में सड़क पर मौत का तांडव : एक रात, 3 हादसे और 11 लोगों की मौत, चूरू से बगरू तक मचा कोहराम
सात माह की बच्ची गंभीर घायल
जयपुर। प्रदेश में देर रात और शनिवार अल सुबह हुए अलग-अलग 3 हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई। चुरु और बगरु में मंदिर से लौटते समय हादसा हुआ, जबकि धौलपुर में कार पलटने से 2 युवकों की मौत हो गई। पहला मामला चुरू के सादुलपुर-ददरेवा-तारानगर मार्ग का है। यहां शनिवार सुबह ददरेवा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक कार जा घुसी। वहीं दूसरा हादसा बगरू में जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर हुआ, यहां देर रात महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रेलर में घुस गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, 16 लोगों को एसएमएस रैफर किया गया। ट्रैवलर में 28 लोग सवार थे। वहीं तीसरा मामला धौलपुर का है। अलसुबह 4 बजे एक कार तेज रफ्तार में गांव गड़ी आछेलाल के पास पलटी खा गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई।
चुरु में खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार
जिले में सादुलपुर-ददरेवा-तारानगर मार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ददरेवा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक कार जा घुसी। हादसे में कार सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद चूरू रेफर किया गया है।
सादुलपुर थानाधिकारी राजेश सिहाग के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। कार में सात लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक बच्चे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में जीवित बची सात माह की बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चूरू भेज दिया गया।
देवी के भोग लगाने जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव के रहने वाले थे। परिवार देवी को भोग लगाने के लिए गुड़गांव जा रहा था। इसी दौरान ददरेवा गांव के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ददरेवा चौकी पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Comment List