पंच-सरपंच चुनाव : आज नामांकन पूरा, कल बैलेट पेपर से मतदान
बिना पार्टी सिंबल, दो बैलेट पेपर
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत शुक्रवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शनिवार (24 अक्टूबर) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पहले चरण में कितने पद
प्रथम चरण में 16 जिलों की 104 पंचायत समितियों की कुल 3,314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 28,682 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इन जिलों में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर शामिल हैं। लगभग 85 लाख मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बिना पार्टी सिंबल, दो बैलेट पेपर
ये चुनाव बिना किसी राजनीतिक दल के सिंबल के होंगे। प्रत्येक मतदाता दो बैलेट पेपर पर वोट डालेगा—एक सरपंच और दूसरा वार्ड पंच के लिए। इससे पहले गुरुवार को इन्हीं क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का मतदान ईवीएम से हुआ था। रविवार को नवनिर्वाचित वार्ड पंच उपसरपंच का चुनाव करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Comment List