आयरन में छिपा कर लाया सवा करोड़ का सोना, कस्टम ने धरा
पकड़ा गया यात्री कस्टम ड्यूटी बचाकर आयरन में सोना छिपाकर लाया था।
जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने रविवार अल सुबह शारजाह से आये एक यात्री को सवा करोड़ रुपए कीमत के सोने के साथ पकड़ा है। पकड़ा गया यात्री कस्टम ड्यूटी बचाकर आयरन में सोना छिपाकर लाया था। फिलहाल यात्री से सोना जब्त कर आगे की पूछताछ की जा रही है। कस्टम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण अटल ने बताया कि रविवार सुबह शाहजहां से एयर अरेबिया की फ्लाइट 767 एक यात्री आया था। संदिग्ध दिखने पर जब उसकी जांच की गई। तो उसके बैगेज में मेटल कि संदिग्ध वस्तु नजर आई। पूछताछ करने पर वह संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद उसका बैगेज खोला गया। जिसमें आयरन प्रेस रखी हुई थी। जैसे ही हमारी टीम ने आयरन प्रेस को खोला। तो उसमें प्रेशर प्लेट 2 किलो 333 ग्राम गोल्ड की बनी लगी थी। जिसकी बाजार कीमत 1 करोड़ 22 लाख 41 हजार 950 रुपए है। अटल ने बताया कि यात्री से सोने की तस्करी से जुड़े तारों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इसमें लिप्त अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।

Comment List